ब्लैकमेलर्स ने 4 अश्लील वीडियो बनाए थे; महिला के साथ मठ से जुड़े 2 लोग भी शामिल
रामनगर : कर्नाटक में सोमवार को आत्महत्या करने वाले 45 साल के कंचुगल मठ के स्वामी बसवलिंगेश्वर को हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था। यह बात उनके 3 पेज के सुसाइड नोट में भी लिखी है कि वे महिला को 6 महीने से जानते थे। पुजारी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों में मठ के ही 2 लोग शामिल हैं।
इन लोगों ने बसवलिंगेश्वर के अनजान महिला के साथ 4 अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। इन्हें ही वायरल करके वे मठ के पुजारी को ब्लैकमेल कर रहे थे। पुलिस फिलहाल उस महिला और अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
बसवलिंगेश्वर को पद से हटाना चाहते थे
कर्नाटक की राजनीति में संप्रदायों और धर्म की भूमिका है। ऐसे में बसवलिंगेश्वर की मौत के पीछे किसी राजनेता का हाथ भी है, इस पर पुलिस सूत्रों ने कहा कि सुसाइड नोट में किसी राजनेता का नाम नहीं है। लेकिन मठ के ही कुछ लोग मठ के पुजारी को पद से हटाना चाहते थे।
मुरुघा मठ संत की गिरफ्तारी के बाद से ब्लैकमेलिंग
बसवलिंगेश्वर को तब से ब्लैकमेल किया जा रहा था, जब से यौन उत्पीड़न के एक मामले में मुरुघा मठ के पुजारी शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू की गिरफ्तारी हुई थी। उन्हें हनी ट्रैप में फंसाकर अक्सर ब्लैकमेल किया जाता था। गौरतलब है कि शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू पर पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और आईपीसी के तहत मामला दर्ज है।
पहले भी एक संत ने की थी आत्महत्या
करीब दो महीने पहले कर्नाटक के बेलगाम के श्री गुरु मादिवलेश्वर मठ में बसव सिद्धलिंग स्वामी का शव मिला था। शिष्यों ने जब मठ का कमरा खोला तो सिद्धलिंगा का शव फंदे से लटका था। कयास लगाए गए थे कि वे भी लिंगायत मठ में यौन शोषण से जुड़े एक ऑडियो में अपना नाम आने से परेशान थे।
कर्नाटक के मठ में पुजारी का शव लटका मिला
कर्नाटक के रामनगर जिले के श्री कंचुगल मठ के संत बसवलिंगेश्वर का शव दीपावली के दिन पूजा के कमरे में लटका हुआ मिला। कुडूर पुलिस को इस कमरे से 3 पेज का एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें स्वामी बसवलिंगेश्वर ने उन्हें ब्लैकमेल करने वालों के नाम लिखे हैं। पुलिस का कहना है कि इन्हीं से परेशान होकर स्वामी ने आत्महत्या की है।
हनीट्रैप में फंसाए गए कंचुगल मठ के पुजारी
