गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बन्द

श्रीगंगोत्री/देहरादून : उत्तराखंड के चार धामों में प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के विधि-विधान से शीतकाल के लिए बंद हो गये तथा अब गुरुवार को मां श्री यमुनोत्री और बाबा केदारनाथ धाम के कपाट बन्द किए जाएंगे।
कपाट बन्द होने से पहले मां श्रीगंगा की उत्सव डोली समारोह पूर्वक जयकारों के साथ मुखबा गांव के लिए रवाना हुई। मां गंगा का रात्रि विश्राम आज मां चंडी देवी (मार्कण्डेय पुरी) मन्दिर में होगा। गुरुवार कल मां गंगा की उत्सव डोली भैया दूज के पर्व पर अपने मायके मुखबा (मुखीमठ) पहुंचेगी। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के रावल हरीश सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, जन प्रतिनिधि एवं श्रद्धालुजन मौजूद रहे।
जिलाधिकारी, उत्तरकाशी अभिषेक रूहेला तथा पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने गंगोत्री धाम की यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि शीतकाल में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा स्थित गंगा मंदिर में पूजा-अर्चना होगी। इस यात्रा वर्ष में पहली बार रिकार्ड छह लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किये।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा.हरीश गौड़ ने बताया कि कल 27 अक्टूबर को भैयादूज के अवसर पर श्री केदारनाथ धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम तथा 19 नवंबर को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *