बागपत : उत्तर प्रदेश में बागपत के सिंघावली अहीर थाने में पति को यातनाएं देने की जानकारी मिलने पर दिल का दौरा पड़ने से घर पर पत्नी की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमा सतर्क हो गया है और गांव में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। बिलौचपुरा गांव में दीपावली की रात कमेटी के रुपयों के लेन-देन को लेकर पप्पू व उसके चचेरे भाइयों में झगड़ा हो गया था।
जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस पप्पू समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने आ गई थी। पप्पू का आरोप है कि थाने पर उसकी पिटाई की गई और यातनाएं दी गईं। इसका पता चलने पर उसकी पत्नी मुशायरा थाने पर पहुंची और पुलिस से उसे छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा। परिजनों का कहना है कि मुशायरा पति को यातनाएं देने का सदमा सहन नहीं कर पाई और उसकी हालत बिगड़ गई। जिसे बागपत के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई है। पीड़ित पक्ष ने थाने के तीन दरोगाओं पर यातनाएं देने का आरोप लगाया। उधर, जानकारी होने पर सीओ बागपत देवेंद्र कुमार ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को इस मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में कई थानों का पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
