खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के दोलानी में पैसे के लेनदेन को लेकर 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या करने के आरोप में आज उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया। बलकवाड़ा के थाना प्रभारी सुरेश महाले ने बताया कि 65 वर्षीय फ़तया पाटला की हत्या के मामले में उसके पुत्र भाव सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाव सिंह कल पैसे के लेनदेन को लेकर अपने पिता के घर आया था। दोनों में विवाद के बाद भाव सिंह ने फ़तया की जमकर पिटाई की। जब भाव सिंह की मां रेवली बाई ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसे भी बुरी तरह से पीटा। इस दौरान फ़तया घर से भागकर अपने बड़े लड़के जगन के घर की ओर जाने के लिये निकला, लेकिन भाव सिंह ने उसका पीछा किया और जमीन पर पटक कर लकड़ी और पत्थर मार कर उसकी हत्या कर दी।
