गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कोयम्बटूर कार विस्फोट मामले में मृतक के रिश्तेदार के घर छापा

चेन्नई : कोयम्बटूर में रविवार को एलपीजी कार विस्फोट में मारे गये इस्लामिक स्टेट (आईएस) के संदिग्ध सदस्य के रिश्तेदार के घर बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों ने छापेमारी की और लैपटॉप समेत कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किये।
पुलिस सूत्राें ने बताया कि जांच दल ने परिसर की सघन तलाशी ली और वहां मौजूद 28 वर्षीय युवक से कई घंटों तक लगातार पूछताछ की। घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान घर से एक लैपटॉप बरामद किया गया जिसे जांच के लिये साइबर सेल भेजा गया है।
इस वारदात के सिलसिले में गिरफ्तार पांच लोगों को न्यायिक रिमांड में लेने से पहले की गयी पूछताछ के आधार पर छापेमारी की कार्यवाही को अंजाम दिया गया। वारदात का मास्टरमाइंड कार बम धमाके में मारा गया जो धमाके से कुछ घंटे पहले अपने घर से एक बड़ा बैग ले गया था।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन आईएस का कट्टरपंथी सदस्य एवं घटना का मास्टरमाइंड जमीशा मुबीन रविवार को काेयम्बटूर में एक मंदिर के सामने उस समय मारा गया जब वह कार में दो एलपीजी सिलेंडर के अलावा संगमरमर के टुकडे और कीले लाद कर ले जा रहा था कि इस बीच एक सिलेंडर फट गया। इस वारदात को 1998 के सीरियल धमाकों की याद दिलाने वाली चाल करार दिया गया क्योंकि मृतक के संबंध कुछ आतंकी संगठनों के नेताओं के साथ उजागर हुये थे।
विस्फोट के बाद पुलिस ने मुबीन के घर पर छापा मारा और 75 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद की। घटना की गंभीरता को भांपते हुये तमिलनाडु सरकार ने केन्द्र सरकार से मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के सुपुर्द करने की सिफारिश की थी। इस मामले में सुरक्षा बलों ने मुबीन के पांच सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *