बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र के गांव कोतापल्ली में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी के नक्सलियों ने मुखबिरी का आरोप लगाकर ग्रामीण की जनअदालत लगाकर हत्या कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान बसंत झाड़ी के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय पत्रकार का भाई था। बसंत सोलर पैनल का मैकेनिक है, जो कि क्रेडा के अफसरों के निर्देश पर संधारण का कार्य करता था। नक्सलियों को शक था कि वह पुलिस के लिए मुखबिरी करता था।
परिवारिक सूत्रों के मुताबिक नक्सली 21 अक्टूबर की शाम पामेड़ थाना क्षेत्र के कोतापल्ली गांव के तीन युवकों के साथ बसंत को अपने साथ उठा ले गए थे। जंगल में नक्सलियों ने सभी से गहन पूछताछ की। नक्सलियों ने बसंत की हत्या कर गांव में शव फेंक दिया था और अन्य लोगों को चेतावनी के साथ रिहा कर दिया। घटना के बाद नक्सलियों की दहशत के चलते अंतिम संस्कार के लिए भी परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कल बसंत का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने हत्या के कारणों पर अनभिज्ञता जाहिर की है।
नक्सलियों ने ग्रामीण की जनअदालत लगाकर की हत्या
