गांधीनगर : गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य में इस वर्ष मानसून के दौरान हुई अति भारी बरसात के कारण शहरी क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत के लिए 97 करोड़ 50 लाख रुपए का अतिरिक्त अनुदान आवंटित करने का निर्णय लिया है। श्री पटेल ने यह निर्णय राज्य के नगरों में रहने वाले नागरिकों की तकलीफों को दूर करने तथा यातायात के सुगम संचालन के उदार दृष्टिकोण से लिया है।
उन्होंने ऐसी 62 नगर पालिकाओं की सड़कों की रिसर्फेसिंग के लिए संबंधित रीजनल म्युनिसिपल कमिश्नर के अधीन आने वाली नगर पालिकाओं को यह अतिरिक्त अनुदान देने का दृष्टिकोण अपनाया है। यह अनुदान स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत आवंटित किया जाएगा। अहमदाबाद क्षेत्र की आठ नगर पालिकाओं को आठ करोड़ 86 लाख रुपए, वडोदरा क्षेत्र की 12 नगर पालिकाओं को 10 करोड़ रुपए, सूरत क्षेत्र की 10 नगर पालिकाओं के लिए 16 करोड़ 30 लाख रुपए, राजकोट रीजनल कमिश्नर ऑफ म्युनिसिपालिटीज (आर.सी.एम.) के अधीन 15 नगर पालिकाओं के लिए 45 करोड़ 39 लाख रुपए, भावनगर क्षेत्र की 13 नगर पालिकाओं को 15 करोड़ एक लाख रुपए तथा गांधीनगर की चार नगर पालिकाओं को एक करोड़ 86 लाख रुपए का अनुदान आवंटित करने की अनुमति दी है।
राज्य सरकार ने मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई नगरों की सड़कों की तत्काल मरम्मत के लिए इससे पहले सितंबर महीने में 156 नगर पालिकाओं को कुल 99.60 करोड़ रुपए का अनुदान आवंटित किया था। अब श्री पटेल ने नगर पालिकाओं में सड़कों के वास्तविक नुकसान का ब्यौरा हासिल करने के बाद 62 नगर पालिकाओं के लिए अतिरिक्त 97.50 करोड़ रुपए का अनुदान मुख्यमंत्री शहरी सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत किया है।
