नई दिल्ली : टाटा केमिकल्स ने गुरुवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष 2022-23 की सितंबर तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ लागत प्रबंध में सुधार और उत्पादों की कीमत में सुधार की बदौलत 248 करोड़ रुपये की तुलना में 176 प्रतिशत उछल कर 685 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन से उसकी समेकित आय सालाना आधार पर 40 प्रतिशत बढ़कर 4,239 करोड़ रुपये रही। पिछले साल इसी तिमाही में उसकी समेकित परिचालन आय 3,022 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का कहना है कि परिचालन लाभ में यह वृद्धि उन्नत ऊर्जा और उत्पादन के साधनों की लागत के बेहत प्रबंधन और उत्पाद पर अच्छी प्राप्ति को दर्शाता है।
कंपनी ने बताया है कि एकल आधार पर टाटा केमिकल्स लिमिटेड की परिचालन आय पिछले वर्ष की इसी तिमाही के 847 करोड़ रुपये की तुलना में 40 प्रतिशत बढ़कर 1,185 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ एक साल पहले के 135 करोड़ की तुलना में 80 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 243 करोड़ रुपये रहा।
टाटा केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ आर. मुकुंदन ने कहा, “चुनौतीपूर्ण वैश्विक वातावरण से रास्ता निकालने के लिए हम अपने ग्राहकों और भागीदारों के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं। हमारे उत्पादों और उनके अनुप्रयोगों की मांग सकारात्मक बनी हुई है जिसके परिणामस्वरूप पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्राप्तियां हुई हैं। हम विस्तार परियोजनाओं को हटाने और क्रियान्वित करने पर अपना ध्यान जारी रखते हैं। ”
टाटा केमिकल्स 128 अरब डॉलर के टाटा समूह का एक हिस्सा। कंपनी कांच, डिटर्जेंट, औद्योगिक और रासायनिक क्षेत्रों की एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता है। कंपनी की अपनी सहायक कंपनी रैलिस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से फसल सुरक्षा रसायनों के बाजार में एक मजबूत स्थिति में है। पुणे और बैंगलोर में इसकी विश्व स्तरीय अनुसंधान एवं विकास सुविधाएं हैं।
टाटा केमिकल्स का सितंबर तिमाही में लाभ 176% ऊंचा
