गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

झांसी में पूर्व सपा विधायक की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर उतरे समाजवादी

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में समाजवादी पार्टी (सपा)के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह सहित कई अन्य के खिलाफ मुकदमें दर्ज करके जेल भेजे जाने के विरोध में पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़कों पर उतर आये।
इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पिछले दिनों पार्टी के लोगों को निशाना बनाने के लिए एक झूठी कहानी बनाकर प्रशासन ने सपा के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव सहित लगभग 20 लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमें दायर कर जेल भेजने का काम किया है।यहां तक कि उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गयी है।
श्री यादव ने कहा कि सपा के नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमें दर्ज करके जेल भेजा गया है। कई साथी तो ऐसे हैं कि जिनके खिलाफ कोई प्रमाण नहीं है और न ही उनकी कहीं मौजूदगी हैं लेकिन राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते उन सभी को इन फर्जी मुकदमों में जोड़ा गया। उन्हें थाने में बुलाकर प्रताड़ित किया गया। उनको जेल भेज दिया गया। लगभग 20 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर दी गयी है जबकि उनमें से कई ऐसे हैं जिनके खिलाफ पूर्व में एक भी मामला कहीं दर्ज नहीं है।
उन्होंने कहा “ हमने आज यह धरना देकर जिला प्रशासन को चेतावनी देने का काम किया है कि जिला प्रशासन होश में आये ,न्यायपूर्ण कार्रवाई करे। उन तमाम लोगों को न्याय दिलाये। अगर जिला प्रशासन नहीं चेता ,लोगों के साथ अन्याय हुआ तो समाजवादी पार्टी चैन से नहीं बैठेगी। हम लोग बहुत बड़ी लड़ाई लडेंगे , संघर्ष करेंगे।” इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *