गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किसानों को पराली के बदले मिलेगी जैविक खाद

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की पहल पर किसानों को पराली जलाने से रोकने के लिये उन्हें पराली के बदले जैविक खाद दी जायेगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा राजीव कुमार सक्सेना ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देशों के क्रम में पशुपालन विभाग ने पराली को खेतों में जलाने से रोकने के लिए यह अनोखी पहल की है। इसके तहत किसानों को तीन ट्राली पराली के बदले एक ट्राली गोबर की खाद दी जायेगी।
गोबर की खाद जनपद में संचालित गोआश्रय स्थलों से प्राप्त कर किसानों को दी जायेगी। किसान इसका उपयोग अपने खेत की उर्वरा शक्ति को जैविक तरीके से बढ़ाने में कर सकेंगे। डा सक्सेना ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई किसान अपने खेत से पराली दान में देना चाहे तो इसकी सूचना ग्राम पंचायत सचिव अथवा पशुपालन विभाग के कर्मचारी को दे सकता है।
दान में दी गयी पराली को किसान के खेत से उठाने व उसको गोआश्रय स्थल पर उपलब्ध कराने का कार्य पंचायती राज विभाग द्वारा किया जायेगा। उन्होने सभी किसानों से अपील की है कि कोई भी किसान पराली को अपने खेत में न जलाये। पराली को दान में देकर गौसेवा का पुण्य लाभ उठाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *