नई दिल्ली : भारत ने ईरान के शीराज शहर स्थित शाहे चिराग दरगाह पर आतंकवादी हमले की कड़ी भर्त्सना की है और आतंकवाद की बुराई के खात्मे के लिए विश्व के एकजुट होकर मुकाबला करने की आवश्यकता दोहरायी है। विदेश मंत्रालय ने आज यहां एक बयान में कहा कि भारत शीराज़ में शाहे चिराग़ पर हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है। हम ईरान के लोगों और हताहतों के परिवारों के लिए गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
बयान में कहा गया कि यह जघन्य अपराध हमें फिर से याद दिलाता है कि आतंकवाद अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा एवं घातक खतरा है और समय की मांग की कि विश्व के सभी देश एकजुट हों तथा किसी भी रूप में मौजूद आतंकवाद का मुकाबला करें।
शाहे चिराग़ पर हुए इस हमले में नकाबपोश बंदूकधारियों ने हमला करके लोगों को गोलियों से भून दिया जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी और 40 से अधिक घायल हुए हैं। हमले की जिम्मेदारी आईएसआईएस ने ली है। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ईरान के आतंकवादी हमले की निंदा की भारत ने
