नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने शनिवार को मौजूदा वित्तीय वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही के लिए अलेखापरीक्षित वित्तीय परिणाम घोषित किये। एनटीपीसी के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 204 अरब यूनिट्स का उत्पादन किया, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 177 अरब यूनिट की तुलना में 15 फीसदी अधिक है।
इसी प्रकार इस साल की पहली छमाही में स्टैंडअलोन सकल उत्पादन 176 अरब यूनिट है, जो गत वर्ष इसी अवधि में 151 अरब के मुकाबले 16 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने समेकित आधार पर मौजूदा वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में कुल आय 88,242.22 करोड़ अर्जित किये जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में कुल आय 63,486.27 करोड़ रही। प्रवक्ता के मुताबिक एनटीपीसी कोयला स्टेशनों ने वित्त वर्ष 2023 की पहली छमाही के दौरान 77.27 प्रतिशत का प्लांट लोड फैक्टर हासिल किया, जबकि राष्ट्रीय औसत 64.46 फीसदी रहा।
