सोनभद्र : जिला कारागार का गंदा गटर का पानी कारागार के बाउंड्री के बाहर किसानों के खेतों में पिछले छह वर्षों से बहाये जाने से उनकी खेती बर्बाद हो रही है। खेतों में किसानों की कोई भी फसल नहीं हो पा रही है। इसको लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
गुरमा के किसान रामनरेश यादव, रामजस यादव, महेश यादव, गनेश यादव आदि ने बताया कि हम लोगों की भूमि जिला कारागार बाउंड्री से सटा है। जिसमें वर्ष 2016 से जिला कारागार का गटर का गंदा पानी खेतों में बहाए जाने के कारण पूरा खेत जलमग्न हो जा रहा है।
पानी बहने से भूमि दलदली होने के कारण खेती करना मुश्किल हो गया है। जिससे सभी किसान गरीबी आर्थीक तंगी से जूझ रहे हैं। जबकि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को दर्जनों बार अवगत कराया जा चुका है। लेकिन आज तक कोई पहल नहीं की गई। जब कभी पानी बंद करने का प्रयास किया जाता है तो कुछ लोगों की तरफ से गरीब किसानों को तरह-तरह की धमकी दी जाती है। किसानों ने समस्याओं को देखते हुए विभागीय अधिकारियों से अविलंब स्थली निरीक्षण कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है। जिससे किसानों को राहत मिल सके।
