मऊ, दोहरीघाट : छठ महोत्सव की शाम इतनी निराली थी कि देखते ही बन रहा था। रामघाट सरयू तट पर अस्तांचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए अपार जनसमूह उमड़ पड़ा। दिन में तीन बजे से ही सरयू तट के रामघाट पर जहां हजारों की संख्या में गांवों की महिलाएं, पुरुष व बच्चे सिर पर दउरी ढो रहे थे। वहीं चार बजते-बजते पूरा घाट परिसर अपार भीड़ से पट गया।
इधर महिलाएं दीप जलाकर जहां छठ मइया को विभिन्न प्रकार से भोग लगाकर आरती उतार रही थी, वहीं अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जल में खड़े होकर उन्हें अर्घ्य देते हए कह रही थी ‘हे अस्ताचलगामी सूर्य शुभ संकेतों के साथ भाष्कर के रुप में आपका दर्शन करूंगी। मेरी मनोकामना पूर्ण करें। इधर गोंठा, कुसुम्हा, कोरौली, नयी बाजार, पतनई, ठाकुरगांव, बुढ़ावर, छुतिहर, रामपुर धनौली, फरसरा खुर्द बुजु़र्ग आदि गांवों में छठ मइया की धूम रही।
कोपागंज संवाद के अनुसार थाने के पीछे स्थित प्राचीन पोखरे पर रविवार की शाम अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाएं अपने पुत्रों व पति की सलामती की कामना की। सोमवार की सुबह घाटों पर महिलाएं नदी में स्नान कर उदय होते सूर्य को अर्घ्य देकर छठव्रत का समापन करेंगी। छठ पूजा को सफल बनाने के लिए जहा थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पूरी मुस्तैदी के साथ अपने हमराहियों के साथ डटे रहे। वहीं अनेक सामाजिक संगठन और नगर पंचायत के भावी उम्मीदवार व्रतियों के सेवा में लगे रहे।
सरयू तट पर हजारों व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य
