बनबसा/नैनीताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने चंपावत विधानसभा को दौरा किया और बनबसा एवं टनकपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की और लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल के 147वीं जयंती पर पर आयोजित रन फार यूनिट दौड़ को हरी झंडी दिखायी।
श्री धामी ने आयोजित कार्यक्रम में जनता की समस्याओं को भी सुना। साथ ही टनकपुर में फुटबाल मैच का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने आज सुबह सबसे पहले बनबसा में मिनी स्टेडियम पहुंचकर रन फार यूनिटी दौड़ को हरी झंडी दिखायी। इस मौके पर उन्होंने श्री पटेल के चित्र में पुष्प अर्पित करने के साथ ही लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलायी। उन्होंने कहा कि श्री पटेल ने एकीकरण का नारा दिया था और उन्होंने 562 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से सरदार बल्लभ भाई पटेल और आदि गुरू शंकराचार्य ने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है, उसी तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक देश को एक सूत्र में जोड़ने का काम कर रहे हैं। एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना साकार हो रही है। भारत आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। देश का विदेशों में मान बढ़ा है।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि उनकी सरकार ने 2025 तक प्रदेश को नशा मुक्त एवं क्षय रोग मुक्त (टीबी मुक्त) बनाने का संकल्प लिया है। नशा मुक्ति के लिये सबको दृढ संकल्प लेना होगा और अन्य लोगों को नशा मुक्ति के लिये जागरूक करना होगा। इसके बाद श्री धामी ने टनकपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में एमबी एजुकेशनल सोसायटी की ओर से आयोजित द हिमालयन कप फुटबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की ओर से प्रदेश में नयी खेल नीति तैयार की गयी है।
इससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। नयी खेल नीति के तहत प्रदेश में नये स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही गांवों में ओपन जिम खोलने का भी निर्णय लिया गया है। श्री धामी ने कहा महिलाओं को खेल में आगे बढ़ाने के लिये देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और उधमसिंह नगर में महिला स्पोर्ट्स कालेज का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले बनबसा के देवभूमि कालेज आफ एजुकेशनल में मुख्य सेवक जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। जनता की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क निर्माण, जल भराव, पेयजल, स्वरोजगार, सौर ऊर्जा एवं शौचालय निर्माण आदि समस्यायें रखी गयीं।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर शीघ्र किया जाना चाहिए। लोगों को बेवजह मेरे पास नहीं आना पड़े। उन्होंने कहा यदि ऐसा नहीं हुआ तो अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री बनबसा में पत्रकार कुंदन बिष्ट के आवास पर भी गये और उनके लापता पुत्र को लेकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। उन्होंने चंपावत के पुलिस अधीक्षक से बात कर जांच में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।
