पांच लोग एक ही परिवार के
बैतूल। ग्यारस मनाने अपने घर लौट रहे 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। जिंदा बचे कार ड्राइवर ने बताया कि उसे झपकी आई, तभी बस से भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में मरने वाले 11 लोगों में 5 लोग महदगांव के एक ही परिवार के थे। इनमें तेजस जावसकर का परिवार काल के गाल में समा गया। अन्य पांच लोग चिखलार गांव के थे। दोनों गांव में मृतकों के शव पहुंचने के बाद मातम पसर गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सभी मजदूर देवउठनी ग्यारस मनाने घर लौट रहे थे।
बस और टवेरा कार की आमने सामने भिड़ंत
मध्यप्रदेश के बैतूल-अमरावती स्टेट हाईवे पर भीषण हादसा हो गया। गुरुवार रात करीब 2 बजे खाली यात्री बस और टवेरा कार की टक्कर हो गई। कार सवार 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। सभी शवों को झल्लार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम करवाया गया।
जानकारी के अनुसार, बस बैतूल की तरफ आ रही थी, जबकि कार मजदूरों को लेकर परतवाड़ा की ओर से आ रही थी। झल्लार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बस पहुंची ही थी कि दोनों में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने लोगों की मदद से 11 में से 7 शव निकाल लिए। बाकी 4 शव कार काटकर निकाले।
सोयाबीन काटने गए थे मजदूर
झल्लार थाना टीआई दीपक पराशर ने बताया कि रात पौने 2 बजे हादसे की सूचना डायल-100 से मिली थी। कार अमरावती जिले से सोयाबीन काटने वाले मजदूरों को लेकर झल्लार की ओर आ रही थी। वहीं, बस खेड़ी से गुदगांव की तरफ जा रही थी। टवेरा में 11 लोग सवार थे, सभी बुरी तरह से फंसे हुए थे। मृतकों में एक डेढ़ साल का बच्चा और 5 साल की बच्ची भी शामिल है।
ड्राइवर बोला- झपकी आ गई थी
स्क्क सिमाला प्रसाद ने बताया कि झल्लार गांव के मजदूर 20 दिन पहले अमरावती के कलमता गांव गए हुए थे। गुरुवार रात 9 बजे कार से वहां से निकले थे। रात करीब सवा 2 बजे ये झल्लार गांव से एक किमी दूर थे, तभी हादसा हुआ। कार ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसे झपकी आ गई थी, जिससे टवेरा सीधे बस से टकरा गई। मृतकों के परिजन को सहायता राशि दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
मृतकों के परिवारों को मुआवजा
कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस ने बताया कि कार सवार सभी 11 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। तत्काल पोस्टमॉर्टम के लिए निर्देशित किया गया है। बॉडी को उनके गांव पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। अंत्येष्टि राशि के लिए भी कार्रवाई कर दी गई है। ट्रैफिक एक्सीडेंट में जो मुआवजा राशि का प्रावधान है, वह भी परिवार को तत्काल स्वीकृत करने के लिए कहा है।
हादसे में इनकी हुई मौत
अमर (35) पिता साहब लाल धुर्वे, मंगल (37) पिता नन्हे सिंह उईके, नंदकिशोर धुर्वे (48), शामराव (40) पिता राम राव झरबड़े, रामकली (35) पति शामराव, सभी निवासी चिखलार। किशन जावलकर (32), कुसुम (28) पति किशन जावलकर, अनारकली (35) पति केशा जावलकर, संध्या (5) पिता केशा जावलकर, अभीराज (1.5) पिता केशा जावलकर, विकास (25) पिता मधु विश्वकर्मा, सभी निवासी महतगांव।
हादसे में पूरा परिवार खत्म
इस हादसे में तेजस जावसकर का पूरा परिवार ही मौत का शिकार हो गया। तेजस की पत्नी अनारकली, भाई किशन, बहू कुसुम, 5 साल की भतीजी संध्या और डेढ़ साल का भतीजा अभिराज की जान चली गई।
बस-कार में टक्कर, 11 की मौत
