नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के धौड़ाई क्षेत्र में दो मोटर साइकिलों की आपस में हुई जबर्दस्त भिड़ंत में दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी और एक घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विष्णु कोर्राम (32) निवासी मढ़ागढ़ा अपनी मोटर साइकिल से कल शाम धौड़ाई साप्ताहिक बाजार आया हुआ था। बाजार में खरीददारी कर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा बारसूर की ओर से दूसरी मोटर साइकिल में सवार होकर मान सिंह (34) निवासी कोहमेटा और रमेश कोर्राम आ रहे थे। जैसे ही दोनों मोटर साइकिलें सुलेगा आश्रम के पास पहुंची, दोनों के बीच जबर्दस्त भिड़ंत हो गई, जिससे मान सिंह और विष्णु कोर्राम की मौके पर ही मौत हो गयी। रमेश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
