गाजियाबाद के खोड़ा इलाके की फोटो आई सामने
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में मस्जिद के बाहर सड़क पर बैठकर नमाज पढ़ी गई। एक व्यक्ति की शिकायत पर गाजियाबाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
हिन्दू संगठन से जुड़े विकास तिवारी ने ट्विटर पर शिकायत करते हुए कहा कि खोड़ा के दीपक विहार में मस्जिद के बाहर कुछ लोग दरी बिछाकर नमाज पढ़ते हैं, जबकि मस्जिद खाली रहती है। विकास का कहना है कि कई बार पहले भी वो शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने ट्विटर पर ही गाजियाबाद पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। इस पर गाजियाबाद पुलिस ने ट्वीट करके जवाब दिया है कि खोड़ा थाने की पुलिस के माध्यम से फोटो की तस्दीक कराई जा रही है। लोकल पुलिस स्टेशन का कहना है कि सबसे पहले ये जांच जरूरी है कि फोटो कब का है? इसके बाद ये जांचना भी जरूरी होगा कि क्या वास्तव में अब भी सड़क पर ऐसी ही स्थिति है। फिर मस्जिद के प्रबंधकों से बातचीत करके इसका हल निकाला जाएगा।
आपको बता दें कि सड़क पर नमाज को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार सख्त है। प्रदेश सरकार पहले ही कह चुकी है कि सड़कों पर नमाज नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कई जिलों में बाकायदा अभियान चलाया गया। जामा मस्जिदों से अपील कराई गई कि लोग अपने-अपने इलाके की मस्जिदों के अंदर ही नमाज पढ़ें। इसका असर ये हुआ कि अब सड़क पर नमाज पढ़ने के मामलों में काफी कमी आई है।
सड़क पर पढ़ी गई नमाज
