भीड़ ने किया पथराव, पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर खदेड़ा
बरेली : यूपी के बरेली में बिना अनुमति रात में लगाई गई अंबेडकर प्रतिमा को हटाने गई पुलिस और नगर पंचायत की टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इसके बाद यहां बवाल हो गया। छतों से भी पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ दिया। मौके पर बड़ी तादात में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सिरौली के मोहल्ला साहूकारा में रविवार रात कुछ लोगों ने गुपचुप तरीके से ग्राम समाज की जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो विरोध शुरू हो गया। सूचना पर सीओ अजय गौतम और एसडीएम एन राम मौके पर पहुंचे। भीम आर्मी और वहां के एक अन्य स्थानीय नेता को थाने में बैठाकर बात की गई। उन लोगों ने प्रतिमा हटाने की हामी भरी और अनुमति लेने के बाद ही स्थापित करने की बात कही। इसके बाद जब पुलिस मूर्ति हटाने पहुंची तो समझौते में बैठने वाले लोग गायब हो गए और महिलाएं सामने आकर विरोध करने लगीं।
नगर पंचायत के कर्मचारी जब प्रतिमा हटाने लगी तो महिलाओं ने पथराव शुरू कर दिया और वहां बवाल हो गया। इस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ दिया। अब नगर पंचायत की टीम मूर्ति को हटाने के बाद चबूतरा हटाने का काम कर रही है।
अंबेडकर प्रतिमा लगाने पर बरेली में बवाल
