बालाघाट : मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र अन्तर्गत मलकुआ के जंगल से पुलिस ने आज सुबह नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे विस्फोटक सामग्री एवं अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार बालाघाट पुलिस द्वारा संचालित नक्सल विरोधी अभियान के तहत आज सुबह मलकुआ जंगल क्षेत्र में सर्चिंग कर रही पुलिस की हाकफोर्स की टीम को एक संदेहास्पद जगह दिखाई देने पर हाकफोर्स की टीम द्वारा सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सुरक्षित ढंग से जमीन के अंदर एक नीले रंग के ड्रम को बाहर निकाला। इसमें नक्सलियों द्वारा पुलिस को नुकसान पहुंचाने तथा हमला कर हत्या करने की नीयत से विस्फोटक सामग्री, विस्फोट करने के लिए प्रयुक्त उपकरण, नक्सल साहित्य, दैनिक उपयोग की सामग्री जमीन में गढ्ढा खोदकर संदिग्ध रूप से रखा गया था।
इस सामग्रियों को हॉकफोर्स टीम द्वारा बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए लांजी थाना को सौंपा गया। इस घटना के सम्बंध में मलाजखण्ड दलम और दर्रेकसा दलम के सक्रिय सदस्यों के विरूद्ध थाना लांजी में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री बरामद
