लश्कर के पांच लोगों के खिलाफ आरोपपत्र
श्रीनगर : जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस साल मार्च में बडगाम जिले में कश्मीरी सैनिक के अपहरण और हत्या मामले में आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ सोमवार को आरोपपत्र पेश किया। जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री का एक सैनिक समीर मल्ला छुट्टी पर था और सात मार्च को लापता हो गया था। उसका शव चार दिन बाद बडगाम के खाग से बरामद किया गया था।
वर्ष 2019 में, सैनिक मल्ला को उनकी कंपनी कमांडर मेजर लीतुल गोगोई के साथ एक कोर्ट मार्शल द्वारा एक स्थानीय महिला के साथ ‘दोस्ती’ करने और ‘ऑपरेशनल क्षेत्र में ड्यूटी के स्थान से दूर रहने’ के लिए दोषी ठहराया गया था। पुलिस ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी, जो पहले ही मारे जा चुके हैं, जेल में बंद एक सक्रिय आतंकवादी और एक फरार पाकिस्तानी आतंकवादी सहित पांच आरोपियों के खिलाफ सोमवार को आरोपपत्र पेश किया गया।
आरोपपत्र में लश्कर-ए-तैयबा का एक सक्रिय आतंकवादी अतहर इलाही शेख है, जो वर्तमान में कोट बिलावल जेल में बंद है और पहले ही मारे जा चुके तीन आतंकवादी मोहम्मद यूसुफ डार उर्फ कांट्रू, फैसल हफीज डार व हिलाल अहमद शेख उर्फ हंजुल्लाह तथा फरार पाकिस्तानी आतंकवादी गाजी भाई उर्फ पठान भाई उर्फ उस्मान भाई के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान अतहर को पकड़ लिया गया, जिसने पूछताछ करने पर स्वीकार किया कि उसने अन्य चार आतंकवादियों के साथ मल्ला का अपहरण किया तथा उसे प्रताड़ित किया जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई। शव को पास के खेत में एक खाई में दबा दिया गया था।
पुलिस ने एक बयान में कहा,“जांच के दौरान उक्त अपराध में शामिल तीन आतंकवादी 21/22 अप्रैल 2022 को ग्राम मालवा कुंजर में आतंकवाद विरोधी अभियान में मारे गए जबकि पाकिस्तान मूल का आतंकवादी गाजी भाई अभी भी फरार है।”
बयान में कहा गया,“मामले में आगे की जांच और सबूतों के संग्रह के दौरान पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 364, 302,392, 201 व 149 तथा यूएलए (पी) अधिनियम 16,18,19,20,38,39 के तहत अपराध स्थापित किए गए और इस पर आरोप पत्र तैयार की गई। सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी प्राप्त करने के बाद अदालत के समक्ष आरोप पत्र पेश किया गया।” पुलिस ने कहा कि चूंकि सीएफएसएल चंडीगढ़ से विशेषज्ञों की राय ली जानी थी, इसलिए आरोपपत्र पेश करने में विलंब हुआ।
