नई दिल्ली : दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पिछले दो दिनों से वायु प्रदूषण में गिरावट के मद्देनज़र प्राइमरी स्कूलों को नौ नवम्बर से खोले जाएंगे और राजधानी में आने वाले ट्रकों पर लगे प्रतिबंध के आदेश को वापस ले लिया गया है।
श्री राय ने सभी संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बताया कि एक्यूआई के लेवल में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है और रविवार को एक्यूआई का लेवल 350 मापा गया।
पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है, हवाओं का रूख बदला है तथा उसकी गति भी तेज हुई है। उन्होंने कहा कि प्राइमरी स्कूल 09 नवम्बर से खुल जाएंगे। साथ ही स्कूल में होने वाली आउटडोर एक्टीविटी पर प्रतिबंध भी हटा लिया गया है। दिल्ली में आने वाले ट्रकों के प्रतिबंध के आदेश को वापस ले लिया गया है। अब दिल्ली सरकार के कार्यालय पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। उन्होंने कहा कि प्राइवेट निर्माण एवं विध्वंस के कार्य पर प्रतिबंध जारी रहेगा। ग्रेप 3 के तहत लगाए गए सभी प्रतिबंध जारी रहेंगे।
पर्यावरण मंत्री ने बताया कि दो दिन पहले दिल्ली और एनसीआर का एक्यूआई लेवल 450 के पार चला गया था जिसके वजह से सीएक्यूएम के निर्देशानुसार दिल्ली में ग्रेप के चौथे चरण के प्रतिबंध को लागू किया गया था। इसके तहत दिल्ली में आवश्यक सेवाओं से जुड़े ट्रकों को छोड़कर, बाकी ट्रकों का दिल्ली में प्रवेश को रोक दिया गया था। प्राइमरी स्कूलों को बंद कर दिया गया था और उसके ऊपर की कक्षाओं में आऊटडोर एक्टिविटी को रोक दिया गया था। साथ ही कार्यालयों में सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति को 50 प्रतिशत कर दिया गया था और बाकी 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से कम करने का आदेश दिया गया था।
उन्होंने कहा कि फेस 3 के तहत दिल्ली के अंदर प्राईवेट निर्माण एवं विध्वंस के कार्य पर प्रतिबंध रहेगा। रेलवे, मैट्रो, एयरपोर्ट बस टर्मिनल, नेशनल सिक्योरिटी संबंधित, डिफेंस एक्टीविटी, प्रोजेक्ट आफ नेशनल इम्पार्टेंश, अस्पताल, हेल्थ केयर फेसिलिटी आदि को छोड़कर सभी निर्माण तथा विध्वंस के कार्य प्रतिबंधित रहेंगे।
