धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग में हुये सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार सेना के जवान और उसके दोस्त की मौत हो गयी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम छाती निवासी तीरथ कंवर (23) दिल्ली में भारतीय सेना में पदस्थ था। जो छुट्टी पर दीपावली त्यौहार मनाने घर आया था।
कल शाम को दिल्ली जाने के लिये मोटर साइकिल से दोस्त मनीष सेन (24) के साथ माना एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग में बिरेझर पुलिस चौकी अंतर्गत में ग्राम मुरा के पास रायपुर से कुरूद की ओर आ रहे ट्रक ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे जवान तीरथ कंवर की मौके पर ही मौत हो गई और मनीष सेन गम्भीर रूप से घायल हो गया।
उसे बिरेझर पुलिस चौकी द्वारा अभनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनीष ने रात को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर ट्रक चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ पुलिस धारा 304 ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पतासाजी कर रही है। दोनों का आज अभनपुर में पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
