दो की मौत एक दर्जन से अधिक यात्री घायल
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर आज सुबह एक बस मोटर साइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मारने के बाद पलट गयी। हादसे में मोटर साइकिल सवार दोनों युवकों की मौत हो गयी जबकि बस सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह रायगढ़ से अंबिकापुर के लिये निकली बस घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अमलीडीह के पास मोटर साइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पलट गयी। इस घटना में जहां मोटर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मोटर साइकिल सवार एक अन्य युवक के अलावा बस में सवार एक दर्जन से भी अधिक लोगों को काफी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि मोटर साइकिल सवार युवक जमडबरी निवासी है और भेंडरा पंचायत से मेला देखकर वापस अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बस की चपेट में आकर दोनों की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाने की टीम दल बल के साथ मौके पर पहुंच चुकी है। मृतकों की पहचान की जा रही है।
