फरीदकोट : पंजाब में फरीदकोट के बरगाड़ी में वर्ष 2015 में हुए श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी के एक मामले में नामजद डेरा सच्चा सौदा के एक अनुयायी की गुरुवार सुबह फरीदकोट में अज्ञात मोटर साइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
फरीदकोट के पुलिस महानिरीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि मृतक की पहचान डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। प्रदीप 2015 में फरीदकोट में गुरु ग्रंथ साहिब की एक ‘बीड़’ (कॉपी) की चोरी के मामले में आरोपियों में से एक था। वह इस समय जमानत पर था। उन्होने कहा कि हमले में प्रदीप सिंह के सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कुछ सुराग मिले हैं। प्रदीप सिंह पर उस समय गोली चलाई गई जब वह सुबह अपनी दुकान की ओर जा रहे थे।
बेअदबी के विरोध में बहबल कलां में धरने पर बैठे दो लोगों की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह सिरसा में अपने आश्रम में दो महिला शिष्यों से बलात्कार के आरोप में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है। उन्हें अगस्त 2017 में पंचकूला में केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था।
पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में अमन-चैन बनाए रखने के लिए सिविल और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है जहां लोगों का आपसी भाईचारा बहुत मजबूत है। किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। राज्य की शांति बनाए रखने के लिए नागरिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। आगे की जांच की जा रही है।
बेअदबी मामले में गोली मारकर हत्या
