नकली सोने की ईंट एवं अवैध हथियार बरामद
भरतपुर : राजस्थान में भरतपुर के कस्वा जुरहरा में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तीन टट्लूबाजों को गिरफतार कर सोने जैसी नकली पीतल की ईंट एवं अवैध हथियार सहित मध्यप्रदेश नम्बर की एक बेलेनो गाडी को बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश नम्बर की बेलेनो गाडी नम्बर एमपी 07 सीजी 7059 में अवैध हथियार एवं नकली सोने की ईंट के साथ तीन बदमाशों के सवार होकर कामा की तरफ से कस्वा जुरहरा की तरफ आने की सूचना के बाद पुलिस ने थाने के सामने नाकाबंदी कर यह कार्यवाही की।
कार्यवाही के दौरान पुलिस ने सोने जैसी नकली पीतल की साढ़े तीन ईंट एवं 1 अवैध देशी कट्टा मय 5 जिन्दा कारतूस को जब्त कर गौरव परिहार (20) राकेश सिंह परिहार (48) एवं शिवम परिहार (20) निवासी जग्गूपुरा मुरार थाना बिजोली जिला ग्वालियर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नकली सोने जैसी पीतल की ईंटों से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते है।
