गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रोडवेजकर्मी करेंगे एक दिन की हड़ताल

जयपुर : राजस्थान में रोडवेज के कर्मचारी अपनी इकीस सूत्री मांगों को लेकर 24 नवंबर को एक दिन की हड़ताल करेंगे।
राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों का संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक एम एल यादव ने आज बताया कि मोर्चे द्वारा “रोडवेज बचाओ – रोजगार बचाओ” संकल्प के साथ 21 सूत्रीय मांगों के लिये गत 20 सितंबर से शुरू हुये व्यापक आंदोलन के तहत नौवें चरण में 24 नवम्बर को एक दिन (24 घंटे) की प्रदेशव्यापी हड़ताल की जायेगी और इसके लिए संयुक्त मोर्चे की ओर से राज्य सरकार एवं रोडवेज प्रबंधन को नोटिस दे दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 23 नवम्बर की देर रात 12 बजे के तुरंत बाद 24 नवम्बर शुरू होने पर प्रदेशभर में रोडवेज की सभी इकाइयों में एक दिन (24) घंटे की हड़ताल शुरू हो जायेगी, जो रात 12 बजे तक चलेगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले आंदोलन के पांचवें चरण में एक नवम्बर से रोडवेज की इकाइयों में चल रहे कर्मचारियों की आम सभाओं का दौर 15 नवम्बर को पूरा होगा जबकि छठे चरण में 17 नवम्बर को जयपुर में सेवारत एवं सेवानिवृत कर्मचारियों की विशाल प्रदेश स्तरीय रैली होगी।

रैली के लिये पुलिस आयुक्त, जयपुर को आवेदन करने के अलावा जारी किये गये बड़े आकार के बहुरंगी पोस्टर सभी इकाइयों को पहले ही भेज दिये गये हैं। सातवें चरण में 19 नवम्बर को प्रदेशभर में रोडवेज की सभी इकाइयों पर दोपहर में एक घण्टे के “ढोल बजाओ – सरकार जगाओ” प्रदर्शन होंगे। जयपुर में यह कार्यक्रम सिंधी कैम्प बस स्टैंड पर होगा। श्री यादव ने बताया कि आठवें चरण में 22 ए्वं 23 नवम्बर को दो दिन तक प्रदेशभर में “दिन – रात” के धरने दिये जायेंगे। जयपुर में ये धरने सिंधी कैम्प पर दिए जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *