गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 5 की मौत

10 से अधिक घायल

चेन्नई : तमिलनाडु के मदुरै जिले में थिरुमंगलम के समीप अलगसिराई गांव में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी और 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गये। यहां पुलिस मुख्यालय से प्राप्त रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अभी यह स्पष्टतया पता नहीं चला है कि घटना के दौरान फैक्ट्री में कितने लोग मौजूद थे।मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने घायलों को तिरुमंगलम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मृतकों के शव उड़ गये और दुर्घटनास्थल पर जले हुए टुकड़े बिखरे पाये गये।वहीं पटाखा फैक्ट्री के समीप स्थित दो इमारतें पूरी तरह धराशायी हो गयी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के कर्मचारी एक कमरे में पटाखों में रासायनिक पदार्थ भरने में लगे हुए थे।इसी दौरान घर्षण के कारण विस्फोट हुआ।
जिला कलेक्टर अनीश शेखर, जिला अग्निशमन अधिकारी विनोथ एवं राजस्व अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और प्रारंभिक पूछताछ की कार्रवाई की । घटनास्थल पर पहुंचे तमिलनाडु के वाणिज्यिक कर मंत्री मूर्ति ने संवाददाताओं से कहा कि घटना के संबंध में अगर किसी नियम का उल्लंघन किया गया है तो इस पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *