नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 19वीं आसियान भारत शिखर बैठक और पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने कल कंबोडिया की राजधानी नोमपेन्ह जाएंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) सौरभ कुमार ने गुरुवार को यहां बताया कि श्री धनखड़ 11 से 13 नवंबर तक कंबोडिया की यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान वह नोम पेन्ह में होने वाले 19वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 17 वें पूर्व एशिया सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उप राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी होंगे।
उन्होंने बताया कि भारत-आसियान स्मारक सम्मेलन का आयोजन 12 नवंबर को दोनों पक्षों के द्विपक्षीय संबंधों के 30 वर्ष पूरा होने के अवसर पर किया जा रहा है। यह वर्ष आसियान-भारत मित्रता वर्ष के रुप में भी मनाया जा रहा है। उपराष्ट्रपति 13 नवंबर को 17 वें पूर्व एशिया सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में आसियान के 10 सदस्य देश ब्रुनेई, दारुस्सलाम, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ पीडीआर, मलेशिया, म्यांमार, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस और वियतनाम तथा आठ संवाद भागीदार भारत, चीन, जापान, कोरिया गणराज्य, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस हिस्सा लेंगे।
श्री कुमार ने कहा कि उपराष्ट्रपति के रूप में अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान श्री धनखड़ कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वह कंबोडिया के राजा और राष्ट्रपति से भी मिलेंगे। वह सम्मेलन में भाग ले रहे अन्य विश्व नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। वह नोम पेन्ह में प्रवासी भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह में भी शिरकत करेंगे। लौटते समय श्री धनखड़ कंबोडिया के धरोहर स्थल सियेम रीप भी जाएंगे। वह भारत के सहयोग से किये जा रहे इस धरोहर स्थल के संरक्षण और पुनरुद्धार कार्य की समीक्षा करेंगे। वह विश्व धरोहर अंकोरवाट मंदिर भी देखने जाएंगे।
कल कंबोडिया की यात्रा पर जाएंगे
