नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के आर्थिक रूप से शक्तिशाली बीस देशों के समूह की अध्यक्षता ग्रहण करने के लिए 17वें जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने 14 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली जाएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यहां नियमित ब्रीफिंग में कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के निमंत्रण पर श्री मोदी 14 से 17 नवंबर के तक बाली की यात्रा पर रहेंगे। कोविड महामारी काल के बाद ‘रिकवर टुगेदर, रिकवर स्ट्रॉन्गर’ की थीम पर आयोजित होने वाले इस शिखर सम्मेलन में में तीन सत्र -‘खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा’, ‘स्वास्थ्य’ और ‘डिजीटल परावर्तन’ के विषयों पर आधारित होंगे।
श्री बागची ने कहा कि इस बार जी-20 शिखर सम्मेलन में श्री मोदी श्री विडोडो से जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण करेंगे। भारत एक दिसंबर से औपचारिक रूप से जी-20 के अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल शुरू करेगा। प्रधानमंत्री इस दौरान बैठक से इतर श्री विडोडो सहित कई विश्व नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे।
जी-20 के 17वें शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के नहीं आने के बारे में एक सवाल पर प्रवक्ता ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में इंडोनेशिया जाएंगे
