गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस से 3 की मौत

कानपुर के शालीमार टेनरी में हादसा, एक को बचाने में गई दो और मजदूरों की जान
कानपुर :
कानपुर के जाजमऊ में बड़ा हादसा हो गया। शालीमार टेनरी में गुरुवार देर शाम सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत हो गई। इसके बाद कर्मचारियों ने हंगामा किया। कर्मचारियों का आरोप है कि टेनरी संचालक की लापरवाही से ये हादसा हुआ है। उसको अरेस्ट करना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीसीपी ईस्ट रवींद्र कुमार ने बताया कि एनजीटी की सख्ती के चलते टेनरी में सफाई का काम चल रहा है। इसी के चलते जाजमऊ की शालीमार टेनरी के टैंक में भी गुरुवार देर शाम सफाई का काम कराया जा रहा था। टेनरी के सेप्टिक टैंक में सफाई करने उतरा गल्ला मंडी निवासी मजदूर सोनू जहरीली गैस के चपेट में आने से बेहोश हो गया।
उसे बचाने के चक्कर में सुखवीर गया तो वह भी गश खाकर गिर पड़ा। तीसरा मजदूर सत्यम भी बचाने के चक्कर में बेहोश हो गया। टैंक में तीनों बेहोश हो गए। काफी देर बाद जब लोग पहुंचे तब हादसे के बारे में जानकारी हुई। कड़ी मशक्कत से तीनों को बाहर निकाला गया और हैलट अस्पताल पहुंचाया गया। मगर उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हैलट में तीनों शवों को छोड़कर भागा स्टाफ
टेनरी का स्टाफ तीनों शवों को हैलट में छोड़कर भाग निकला। मामले की जानकारी मिलते ही जाजमऊ थाने की पुलिस टेनरी और फिर हैलट में जांच करने पहुंची। देर रात तीनों के परिजन हैलट पहुंचे और हंगामा किया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि टेनरी संचालक की लापरवाही से तीनों की मौत हुई है। टेनरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही अरेस्टिंग की मांग की है।
एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि शुक्रवार को तीनों शव को जांच के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। अगर परिजन तहरीर देंगे तो लापरवाही बरतने वाले टेनरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *