मुंबई : वैश्विक बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर एफएमसीजी, यूटिलिटीज, कैपिटल गुड्स और पावर समेत ग्यारह समूहों में हुई बिकवाली से सोमवार को शेयर बाजार ने न केवल पिछले दिवस की तूफानी तेजी बल्कि आज की शुरुआती बढ़त भी गंवा दी और गिरावट लेकर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयराें वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 170.89 अंक यानी 0.28 प्रतिशत टूटकर 61624.15 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 20.55 अंक अर्थात 0.11 प्रतिशत फिसलकर 18329.15 अंक पर आ गया। हालांकि बीएसई की दिग्गज कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में लिवाली हुई। इससे मिडकैप 0.05 प्रतिशत बढ़कर 25,478.90 अंक और स्मॉलकैप 0.25 प्रतिशत गिरकर 29,056.34 अंक पर रहा।
इस दौरान बीएसई में कुल 3769 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1899 में बिकवाली जबकि 1718 लिवाली हुई। वहीं, 152 के भाव अपरिवर्तित रहे। इसी तरह एनएसई में 26 कंपनियों में तेजी जबकि शेष 24 में गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में 11 समूहों में बिकवाली हुई। इस दौरान एफएमसीजी 1.29, सीडी 0.05, ऊर्जा 0.15, वित्तीय सेवाएं 0.12, इंडस्ट्रियल्स 0.26, दूरसंचार 0.10, यूटिलिटीज 0.49, बैंकिंग 0.09, कैपिटल गुड्स 0.66, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.40 और पावर समूह के शेयर 0.69 प्रतिशत गिर गये जबकि सर्विसेज, टेक, रियल्टी, ऑटो, आईटी, हेल्थकेयर, कमोडिटीज और धातु समूह में 1.48 प्रतिशत तक की तेजी रही, जिसने बाजार को सहारा दिया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.49, जर्मनी का डैक्स 0.27 और हांगकांग का हैंगसेंग 1.70 प्रतिशत मजबूत रहा जबकि जापान के निक्केई में 1.06 और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.13 प्रतिशत की गिरावट रही।
शेयर बाजार ने गंवाई तेजी
