नई दिल्ली : दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के महरौली इलाके में एक लड़की की भीषण हत्या की रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है और मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। बताया गया है कि युवती अपने पुरुष साथी के साथ एक फ्लैट में रह रही थी। लगभग 6 महीने पहले लड़के ने कथित तौर पर लड़की की हत्या कर दी और उसके शरीर को 35 से अधिक टुकड़ों में काट दिया। फिर उसने उसे फ्रिज में रख दिया और टुकड़ों को एक-एक करके दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में फेंक दिया। आयोग को बताया गया है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर मामले दर्ज एफआईआर की कॉपी के साथ मुख्य आरोपी के साथ किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के बारे में भी जानकारी मांगी है। आयोग ने लड़की द्वारा अभियुक्त के विरुध्द दर्ज किसी उत्पीड़न/घरेलू हिंसा/यौन शोषण/आरोपी व्यक्ति द्वारा उसके खिलाफ किए जा रहे किसी अन्य अपराध के संबंध में दर्ज किसी भी शिकायत और उस पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है। इसके अलावा, आयोग ने लड़की की गुमशुदगी की कोई भी शिकायत और दिल्ली पुलिस द्वारा उस पर की गई कार्रवाई का विवरण मांगा है।
आयोग ने दिल्ली पुलिस को 18.11.2022 तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट देने को कहा गया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने कहा, लड़के ने लड़की की हत्या कर उसके 35 टुकड़े कर दिए। यह सबसे भयानक और क्रूर अपराधों में से एक है। पुलिस को मामले की गहनता से जांच करनी चाहिए। आरोपी को सख़्त से सख़्त सजा दी जानी चाहिए। मुझे यह जानकर हैरानी हुई कि लड़की 6 महीने से गायब थी और एक भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। 6 महीने तक आरोपी व्यक्ति सबूत मिटाने और सामान्य जीवन जीने में कामयाब रहा। आयोग द्वारा भेजे नोटिस में हमने पुलिस से जानकारी मांगी है कि क्या पहले कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी या क्या लड़की ने खुद पहले आरोपी के खिलाफ कोई घरेलू हिंसा / यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज की थी। मैं समझना चाहती हूं कि क्या लड़की को बचाने के लिए कोई कदम उठाया जा सकता था।
लड़की की निर्मम हत्या पर दिल्ली पुलिस को नोटिस
