गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मिजोरम में पत्थर खदान ढही, 12 मजदूर फंसे

सभी के मारे जाने की आशंका, हनथियाल जिले में दोपहर 3 बजे हुआ हादसा
हनथियाल :
मिजोरम के हनथियाल जिले में सोमवार को एक पत्थर खदान ढह गई। हादसे में 12 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। घटना मौदढ़ इलाके में दोपहर करीब 3 बजे हुई। बचाव टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में सभी मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं।
एसपी विनीत कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त ABCIL इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के 13 मजदूर खदान में काम कर रहे थे। एक मजदूर वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन 12 मजदूर नहीं निकल सके। वे मलबे में फंस गए। एसपी ने बताया कि शाम 7.30 बजे तक किसी भी मजदूर को निकालने में सफलता नहीं मिली है।
मशीनें भी मलबे में दबीं
यह खदान पिछले ढाई साल से ऑपरेशनल है। सूत्रों के मुताबिक, मजदूर दोपहर का खाना खाकर लौटे ही थे, कि खदान ढह गई और वे उसके नीचे फंस गए। मजदूरों के साथ 5 खुदाई मशीनें और कई ड्रिलिंग मशीनें भी खदान में दब गई हैं। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स और असम राइफल रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हैं। पास के लेइते गांव और हनथियाल कस्बे के लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं।
नजदीकी वॉलिंटियर्स भी बचाव कार्य में लगे
मेडिकल टीमें भी घटनास्थल पहुंच गई हैं। इलाके से परिचित लोगों ने बताया कि मजदूर जब पत्थर तोड़कर उन्हें इकट्ठा कर रहे थे तभी खदान ढह गई। यंग मिजो एसोसिएशन के वालिंटियर आसपास के गांवों से वहां पहुंच गए और बचाव कार्य में मदद करने लगे।
पहाड़ी को काफी गहराई तक तोड़ दिया था
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मजदूरों ने पहाड़ को काफी गहराई तक तोड़ दिया था, इससे पहाड़ी उन पर आ गिरी। एक वालिंटियर वानलालजुइया ने कहा कि शुरुआत में एक-दो पत्थर गिरे। इसके बाद कुछ मजदूर वहां से भागे लेकिन बाकी सभी वहीं फंस गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालना इसलिए मुश्किल हो रहा है क्योंकि पूरी पहाड़ी की मिट्टी ही उन मजदूरों पर गिर गई है। प्रशासन ने हनथियाल के अस्पताल में सारी तैयारियां कर ली हैं। मौके पर एंबुलेंस भी पहुंचाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *