बाल दिवस मनाकर लौट रही छात्राओं से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत
नैनीताल : उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में बाल दिवस मना कर वापस लौट रही स्कूली बच्चों से भरी बस को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे एक छात्रा और अध्यापक की मौत हो गयी, जबकि 50 से अधिक घायल हो गये। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार किच्छा वैध राम सुधी सिंह गर्ल्स स्कूल प्रबंधन की ओर से स्कूल की छात्राओं को सोमवार को बाल दिवस के मौके पर नानकमत्ता घूमाने के लिये जे जाया गया। बताया जा रहा है कि बस में 50 से अधिक छात्राएं, अध्यापक तथा सहायक कर्मचारी मौजूद थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वापस लौटते वक्त सितारगंज के भिटौरा के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस सड़क पर पलट गयी।
पुलिस तथा आसपास के लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाया। सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और सितारगंज अस्पताल ले जाया गया। पता चला है कि इस हादसे में एक छात्रा के साथ ही एक महिला अध्यापक की मौत हो गयी जबकि बस में सवार सभी लोग घायल हो गये। इनमें कुछ गंभीर बच्चे घायल हैं।
गंभीर रूप से घायलों को सितारगंज से हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है। जिलाधिकारी युगल किशोर पंत तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टी.एस. ने मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि जिस वक्त दुर्घटना घटी उस वक्त बस का चालक बस को गलत दिशा से ले जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री धामी तथा क्षेत्रीय सांसद तथा रक्षा एवं केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता राशि प्रदान करने और घायलों के निशुल्क उपचार के निर्देश भी दिये हैं। जिलाधिकारी ने इस तत्काल इस घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिये हैं। सितारगंज के उपजिलाधिकारी तुषार सैनी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
