बाल श्रम को खत्म करने के लिए विशेष अभियान शुरू
अमृतसर : पंजाब से बाल श्रम की सामाजिक बुराई को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए, राज्य सरकार ने ‘बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई सप्ताह’ नामक एक समर्पित अभियान शुरू किया, जो 14 नवंबर से 18 नवंबर तक अपराधियों को पकड़ने के लिए चलेगा।
जिले में इस अभियान के दौरान संचालित की जाने वाली गतिविधियों का विवरण देते हुए अमृतसर के उपायुक्त हरप्रीत सिंह सूदन ने सोमवार को कहा कि बाल और किशोर श्रम (निषेध और विनियमन) अधिनियम 1986 के तहत राज्य सरकार ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है, जिसमें पुलिस, स्वास्थ्य, श्रम, कारखानों के निदेशक जैसे विभिन्न विभागों के सदस्य, सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा बीबीए/एनजीओ आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह टीम संयुक्त रूप से जिले में संदिग्ध व्यवसायिक इकाइयों का औचक निरीक्षण करेगी। इस टास्क फोर्स को विभिन्न कोनों से प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने और बाल श्रम पर बीबीए/एनजीओ द्वारा किए गए सर्वेक्षणों के अनुसार कार्य करने के लिए भी अनिवार्य किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार बाल श्रम के चुंगल से बचाए गए बच्चों को बुनियादी शिक्षा और कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स बाल श्रम के दुष्प्रभावों के खिलाफ लोगों को शिक्षित भी करेगी।
