बारा : प्रयागराज में पति ने कुल्हाड़ी से वारकर पत्नी की हत्या कर दी। खेत में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर और गले पर वार कर दिया। खून ज्यादा बहने पर पति खुद ही पत्नी के गले में कपड़ा बांधकर उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां मौत होने पर वह शव को छोड़कर फरार हो गया। घटना जिले कौंधियारा इलाके के मझिगवां गांव की है। वारदात मंगलवार की दोपहर में हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
कौंधियारा थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव के मुंशीपाल होमगार्ड हैं। उनका बेटा नगीना पाल उर्फ अनिल (28), पत्नी सुशीला पाल (22) और बेटे आयुष (7) व पीयूष (5) के साथ रहता है। नगीना खेतीबाड़ी करता है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों मंगलवार की दोपहर घर से थोड़ी दूर अपने खेत में गए थे। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। गुस्साए नगीना पाल ने गुस्से में आकर सुशीला के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई।
गर्दन और सिर से खून बहता देख नगीना पाल कपड़ा बांधकर खुद ही पत्नी को लेकर स्थानीय अस्पताल में पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने सुशीला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पति शव छोड़कर फरार हो गया।
10 साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार 10 साल पहले नगीना पाल और सुशीला की शादी हुई थी। इलाके के डेरा गांव की रहने वाली सुशील आशा बहू थी। उसकी एक और बहन सुमन है। दोनों की शादी एक ही घर में हुई है। दोपहर में सुशील के दोनों बच्चे घर पर सुमन के साथ थे। जबकि वह पति के साथ खेत में गई थी। इस दौरान दोनों में विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार सुबह से ही पति-पत्नी में तनाव चल रहा था।
ग्राम प्रधान निर्भय नयन पटेल ने बताया कि पति-पत्नी में किस बात को लेकर झगड़ा हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। प्रभारी निरीक्षक कौंधियारा विरेन्द्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि मायके पक्ष के लोगों को फोन पर सूचना दी गई है। अभी तक ससुराल पक्ष के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी है।
कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या
