नैनीताल : उत्तराखंड के हल्द्वानी में सर्राफा व्यापारी से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के 20 हजार रुपये के ईनामी मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। उसका दूसरा साथी फरार है। हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र की ओर से हल्द्वानी में मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए कहा गया कि विगत दो नवम्बर को सर्राफा व्यापारी राजीव वर्मा से रंगदारी मांगने और उस पर हीरानगर स्थित घर के पास फायरिंग करने की घटना प्रकाश में आयी थी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने इस प्रकरण को बेहद गंभीरता से लिया था और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पंकज भट्ट को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये थे। एसएसपी ने हल्द्वानी के क्षेत्राधिकारी भूपेन्द्र सिंह धौनी की अगुवाई में हल्द्वानी के कोतवाल हरेन्द्र चौधरी, एसओजी के प्रभारी राजवीर सिंह नेगी, कालाढूंगी व बनभूलपुरा के थाना प्रभारी नंदन रावत व नीरज भाकुनी जैसे तेजतर्रार अधिकारियों की एक टीम का गठन किया।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अगले दिन दो बदमाशों गुरदीप सिंह व देवेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी मनोज अधिकारी निवासी गौजाजाली, हल्द्वानी व रमन कपूर उर्फ जिम्मी निवासी सैंथवाला, गुलरभोज, गदरपुर फरार हो गये थे।
एसपी श्री चंद्र ने बताया कि मुख्य आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और उसका परिवार काफी समय पहले हल्द्वानी आकर रहने लगा। आरोपी का सर्राफा व्यापारी राजीव वर्मा से पुरानी रंजिश थी और इसी के चलते उसने अपने दोस्तों के साथ रंगदारी मांगने और बदले में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने इसके लिये उधमसिंह नगर के बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा निवासी गुरदीप सिंह व गदरपुर निवासी गिंदी नामक अपराधियों को साथ लिया। इन दोनों से उसकी पहचान जेल में हुई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को आज हल्द्वानी के बेलबाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि आरोपी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिये लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और हाटस्पॉट, व्हट्सएप कॉल व मैसेज की मदद से वादी से रंगदारी मांगने व परिणाम भुगतने की धमकी देता रहा। उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हल्द्वानी में पांच मामले दर्ज हैं।
सर्राफा रंगदारी व गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
