गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भोजपुर में डांसर और सिंगर को गोली मारी

स्टेज से उतरकर डांस करने से किया था मना, हालत गंभीर
आरा (भोजपुर)। भोजपुर में एक बर्थ-डे पार्टी से लौट रही डांसर और सिंगर को बदमाशों ने गोली मार दी। दोनों का गंभीर हालत में इलाज जारी है। दोनों प्रोग्राम खत्म कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रोककर दोनों को गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि प्रोग्राम में कुछ लड़के लड़की को स्टेज से नीचे उतरकर डांस करने के लिए बोल रहे थे। उसने मना किया तो रास्ते में रोककर गोली मार दी।
दोनों को मंगलवार रात संदेश थाना क्षेत्र के जनईडीह गांव के पास गोली मारी गई। डांसर और सिंगर पंचायत समिति सदस्य के बेटे की बर्थडे पार्टी में डांस कर के लौट रहे थे। गायक को गोली दाहिने पैर के जांघ पर लगी है। और नर्तकी को गोली दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है। गोली लगते ही दोनों खून से लथपथ जख्मी हालत में सड़क पर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
पटना का गायक और ओडिशा की है डांसर
डांसर के भुवनेश्वर निवासी रमेश कुमार बेहरा की 23 वर्षीय पुत्री नीनू बेहरा है। जबकि जख्मी गायक पटना जिला के धनरूआ थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी महेश यादव का 27 वर्षीय पुत्र मुकेश यादव है। इधर नर्तकी नीनू बेहरा ने बताया कि वह संदेश थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव अहपूरा पंचायत की पंचायत समिति सदस्य नीतू कुमारी के 4 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के बर्थडे पार्टी समारोह में नाचने एवं उनके साथी मुकेश यादव गाना गाने आए थे।
मंच से नीचे उतरने का किया था विरोध
वहीं डांस प्रोग्राम के दौरान गांव के ही कुछ लोग शराब के नशे में हाथ में हथियार लिए हुये स्टेज पर चढ़कर नाच रहे थे और बार-बार उसे नीचे बुला कर नाचने के लिए कह रहे थे, जिसको लेकर बर्थडे पार्टी में नाच के दौरान उसने इसका विरोध भी किया था। हालांकि बात वहीं पर खत्म भी हो गई थी। इसके बाद दोनों बर्थडे पार्टी समारोह समाप्त होने के बाद वापस संदेश लौट रहे थे।
उसी दौरान जनेह गांव के समीप उक्त पर हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया और कहा कि तुम लोग हमें जानते नहीं हो। जब उन्होंने कहा कि नहीं मैं नहीं जानता। तभी उन्होंने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें दोनों को गोली लग गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद जहां बर्थडे पार्टी में दोनों आए थे, उन्हें फोन कर इस घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *