गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बारात की बस डिवाइडर की रेलिंग में घुसी

एक बाराती की मौत , दस से ज्यादा घायल

अलवर : राजस्थान के अलवर जिले में आज शाम को बारात की एक बस डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे एक बाराती की मौत हो गई तथा दस से अधिक बाराती घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली नांगलोई से अलवर के तिजारा के चामरोदा बारात लेकर आई एक बस शादी समारोह होने के बाद पुनः बारात को लेकर दिल्ली जा रही थी।

तभी शाम 7 बजे स्टेट हाईवे 25 पर स्थानीय विधायक संदीप यादव के निवास से चंद दूरी पर ही ओवरफ्लो होकर बह रहे पानी की वजह से क्षतिग्रस्त हुई सड़क में पड़े गड्ढे को बचाने के कारण बारात की यह बस डिवाइडर पर चढ़ गई। बस की गति तेज होने के कारण वह काबू नहीं हो पाई और डिवाइडर पर लगी रेलिंग को चीरते हुए आगे बढ़ गई। जिससे डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग बस के बोनट को चीरकर बस के अंदर घुस गई और वह अंदर आधी बस से भी ज्यादा अंदर तक चली गई ।
रेलिंग अपने साथ बस की आधा दर्जन सीटों को भी समेटते हुए पीछे तक ले गई जिसमें करीब एक दर्जन से ज्यादा सवारी बुरी तरह घायल हो गई दुर्घटना होते ही बारातियों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ही घायलों को एंबुलेंस के जरिए भिवाड़ी के उप जिला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां पर एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया तो वही आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को गंभीर घायल होने के कारण जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है । बस के अंदर करीब 30 से 35 लोग बताए जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *