नागपट्टिनम (तमिलनाडु) : श्रीलंकाई नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) का उल्लंघन करने और जलक्षेत्र में अवैध शिकार करने के आरोप में बुधवार देर रात 14 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और मछली पकड़ने वाली नौका भी जब्त की। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को जानकारी दी कि मछुआरे नागपट्टिनम, पुडुकोट्टई और कराईकल जिलों निवासी हैं। वे कल सुबह कराईकल बंदरगाह से मछली पकड़ने के लिए मशीनीकृत नौका में सवार होकर समुद्र में गए थे।
श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें तब गिरफ्तार कर लिया जब वे श्रीलंकाई जलक्षेत्र के पास आईएमबीएल के समीप मछली पकड़ रहे थे। हालांकि, श्रीलंकाई नौसेना के बयान के अनुसार, उसने एक विशेष अभियान चलाया, जिसमें जाफना के वेथथलकेर्नी में मामुनेई के पास श्रीलंका के जलक्षेत्र में 14 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और एक भारतीय नौका जब्त की।
जब्त नौका और 14 गिरफ्तार भारतीय मछुआरों को कांकेसनथुरई बंदरगाह लाया गया और उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जाफना में मेलाडी मत्स्यपालन कार्यालय को सौंप दिया जाएगा। श्रीलंकाई नौसेना ने इस वर्ष अबतक 228 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और 30 मछली पकड़ने वाली नौकाएं जब्त की है।
