जींद : हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने जींद जिले के सच्चाखेडा गांव के निकट ढाबे पर खडे ट्रक से लगभग 11 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने नारकोटिक्स ब्यूरो टीम के मुखिया की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
ब्यूरो की टीम को सूचना मिली थी कि गांव कानपुरा जिला फतेहगढ पंजाब निवासी ट्रक चालक जसपाल उर्फ निक्का मध्यप्रदेश तथा राजस्थान से नशीले पदार्थो की तस्करी करता है। वह मध्यप्रदेश तथा राजस्थान से सामान लोढ कर पंजाब की तरफ जाने वाला है। ट्रक में चूरापोस्त को छुपाकर रखा गया है। जिसके आधार पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने गांव सच्चाखेडा के निकट हिसार की तरफ से आने वाले ट्रकों पर नजर रखनी शुरु कर दी।
उसी दौरान टीम को ढाबे पर वही ट्रक खडा दिखाई दिया। जब उन्होंने ट्रक के केबिन की तलाशी ली तो उसमे चालक की पिछली सीट पर कट्टा रखा दिखाई दिया। जांचने पर वह चूरापोस्त पाया गया। जिसका वजन 11 किलो 100 ग्राम पाया गया। चालक सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान जसपाल उर्फ निक्का के रूप में हुई। सदर थाना नरवाना पुलिस ने टीम के मुखिया विनोद की शिकायत पर जसपाल के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
ट्रक से 11 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद
