खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद अनुविभाग के निमरानी में जिला प्रशासन द्वारा अवैध रूप से संग्रहित किए गए तीन लाख लीटर ईंधन तथा अन्य सामग्री जब्त किये जाने के मामले में आज बायोडीजल पंप तथा दो बड़े गोडाउन ध्वस्त कर दिए गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार निमरानी के आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित महेश अग्रवाल के गोडाउन और इसी के समीप आरती, पलाश और रौनक गर्ग के बायोडीजल पंप के अवैध निर्माण को आज हटा दिया गया। इसके अलावा चिखली रोड गांव के गोडाउन को भी तोड़ दिया गया। जिला प्रशासन की टीम ने आज 0.671 हेक्टेयर भूमि मुक्त कराने में सफलता प्राप्त की। जांच के दौरान दल ने समस्त स्थानों पर निर्मित गोडाऊन, बायोडीजल पंप व अन्य निर्माण बिना अनुमति के संचालित होना पाए थे।
जानकारी में बताया गया कि 11 नवंबर को संयुक्त दल की जांच में चार विभिन्न स्थानों से संदेहास्पद डीजल, मिक्स केमिकल तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली का गेहूं व बिना लॉट नंबर के यूरिया का अवैध संग्रहण पाया गया था। इसके उपरांत गेहूं और यूरिया के अवैध संग्रहण पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पुलिस में प्रकरण दर्ज कराए जा चुके हैं।
कसरावद के एसडीएम अग्रिम कुमार ने बताया कि बायोडीजल के 9 सैंपल भेजे गए थे, जिसमें से 4 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जो अमानक स्तर के पाए गए हैं। इस पर आगे कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारी व विशेषज्ञों की एक उच्चस्तरीय टीम इस मामले की जांच कर रही है।
दो अवैध गोडाउन और एक बायोडीजल पंप तोड़े गये
