मुंबई : वैश्विक बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर सीडी, ऊर्जा, ऑटो और कैपिटल गुड्स समेत अठारह समूहों में हुई बिकवाली से आज सेंसेक्स और निफ्टी लगातार दूसरे गिरकर बंद हुए। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 87.12 अंक फिसलकर 61663.48 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 36.25 अंक उतरकर 18307.65 अंक पर रहा। इसी तरह बीएसई का मिडकैप भी 0.44 प्रतिशत टूटकर 25,134.92, और स्मॉलकैप 0.45 प्रतिशत गिरकर 28,750.11 अंक पर रहा।
इस दौरान बीएसई में कुल 3626 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2054 में गिरावट जबकि 1443 में तेजी रही वहीं 129 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 35 कंपनियों में बिकवाली जबकि 14 में लिवाली हुई वहीं एक के भाव स्थिर रहे। बीएसई में 18 समूह गिरावट पर रहे। इस दौरान कमोडिटीज 0.53, सीडी 0.63, ऊर्जा 0.73, इंडस्ट्रियल्स 0.53, दूरसंचार 0.58, यूटिलिटीज 0.48, ऑटो 1.23, कैपिटल गुड्स 0.59, तेल एवं गैस 0.73 और पावर समूह के शेयर 0.56 प्रतिशत टूटे।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई 0.71 और जर्मनी का डैक्स 0.83 प्रतिशत चढ़ गया जबकि जापान का निक्केई 0.11, हांगकांग का हैंगसेंग 0.29 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.58 प्रतिशति की गिरावट पर रहा।
सेंसेक्स और निफ्टी फिसले
