भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में ननिहाल आये तीन साल के एक मासूम बच्चे की खेल-खेल में टैंक में गिरने से मौत हो गई। सहायक उप निरीक्षक के.एल. मीणा ने बताया तिलिस्वां निवासी अमजद रंगरेज की पत्नी विगत दो-तीन माह से अपने पीहर कावांखेड़ा में थी। अजमद के दोनों बेटे भी पत्नी के साथ ननिहाल में ही थे।
शुक्रवार शाम नल से पेयजल सप्लाई की जा रही थी। ऐसे में अमजद के ससुराल में बने पानी के टैंक का ढक्कन खुला था। अमजद का तीन साल का छोटा बेटा अली उर्फ कालू खेल-खेल में टैंक में जा गिरा। इसकी भनक हाथों-हाथ परिजनों को नहीं लग पाई। करीब दस से पन्द्रह मिनिट बाद परिजनों का ध्यान अली की ओर गया तो वह नजर नहीं आया।
संभालने पर वह टैंक में मिला। उसे तत्काल टैंक से निकाल कर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह मृतक बालक के पिता अमजद ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दी जिसमें बेटे के शव का पोस्टमार्टम और पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। ऐसे में पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों को सौंप दिया।
