गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रिसार्ट में युवती की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर : मध्यप्रदेश के जबलपुर के एक रिसार्ट में युवती की हत्या के आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के अजमेर से गिरफ्तार कर लिया है। आराेपी की पहचान महाराष्ट्र के नासिक निवासी हेमंत भद्राणे (29) के रूप में हुयी है। आरोपी पर नासिक जिले में दर्जनों अपराध दर्ज हैं, जिनमें चोरी के प्रकरण भी शामिल हैं। आरोपी ने मेखला रिसार्ट में जबलुपर संभाग की कुंडम थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवती शिल्पा झारिया की रिसार्ट में धारदार हथियार से बारह दिन पहले हत्या कर दी थी।

आरोपी ने इस घटना से संबंधित सनसनीखेज वीडियो बनाए थे और उन्हें सोशल मीडिया पर उस समय वायरल किया, जब पुलिस उसे खोज रही थी। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में प्रेम संबंध और कथित चरित्र संदेह के चलते हत्या की बात कही है। हालाकि पुलिस उससे अभी विस्तार से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख 52 हजार से अधिक की नगदी, मृत लड़की का मोबाइल फोन, उसके गहने, एटीएम कार्ड और अन्य सामान जप्त किया है। जबलपुर पुलिस का दल आरोपी को राजस्थान के अजमेर से हिरासत में लेकिर यहां ले आयी है और उसकी विधिवत गिरफ्तारी दर्ज कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जबलपुर की तिलवारा थाना पुलिस को 08 नवंबर को सूचना मिली थी कि मेखला रिसार्ट में पिछले दो तीन दिनों से ठहरे एक युवक युवती में से युवती का शव कमरे में मिला है। युवक होटल से गायब है। ये दोनों 06 नवंबर को फर्जी नाम से दस्तावेज दिखाकर रिसार्ट में रुके थे। हत्या की सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी के बारे में पता लगाया जा रहा था, तभी उसने सोशल मीडिया पर हत्या से जुड़े कुछ वीडियो जारी कर पुलिस को एक तरह से चुनौती दी थी। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।
सूत्रों ने कहा कि आरोपी का ”साइबर तरीके” से पीछा किया जा रहा था। वह युवती के एटीएम से लगातार पैसे भी निकाल रहा था। इसी आधार पर वह उस समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जब उसने अजमेर में एटीएम से पैसे निकाले। जबलपुर पुलिस ने आरोपी के बारे में तत्काल अजमेर पुलिस को सूचना दी और उसे एक हिरासत में ले लिया गया। हत्या के बाद उसने लगभग चार हजार किलोमीटर का सफर किया और वह एक स्थान से दूसरे स्थान भागता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *