जालौर : राजस्थान में जालौर जिले के सांचौर कस्बे में पुलिस ने 50 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव में अवैध मादक पदार्थ पदार्थों की तस्करी होने की आशंका पर जिला पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के तहत राजस्थान गुजरात बॉर्डर पर सख्त नाकाबंदी एवं गश्त के दौरान सांचौर कस्बे के बड्सम पुलिया के पास शनिवार सुबह पंजाब निर्मित अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ा। ट्रक की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की एवं बीयर के कुल 1270 कार्टन बरामद किए गए हैं। जिनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
ट्रक में पंजाब निर्मित मैकडॉल नंबर वन व्हिस्की के 892 कार्टन, रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 181 कार्टन, ब्लैक हॉर्स व्हिस्की के 98 कार्टन एवं गिन्सबर्ग प्रीमियम बीयर के 99 कार्टन मिले। उन्होंने बताया कि इस मामले में तस्कर लादूराम विश्नोई निवासी चितलवाना एवं रमेश कुमार विश्नोई निवासी भूणिया थाना धोरीमना जिला बाड़मेर को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
50 लाख की अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार
