डिंपल का प्रचार करने मैनपुरी जा रही थीं पूजा पाल, 2 की हालत गंभीर
कन्नौज : कौशांबी के चायल से सपा विधायक पूजा पाल का कन्नौज में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक्सीडेंट हो गया है। तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। पूजा पाल मैनपुरी में पूर्व सांसद डिंपल यादव के लिए चुनाव प्रचार के लिए जा रही थीं।
हादसे में सुरक्षाकर्मी सौरभ और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। सपा विधायक पूजा पाल को चोट नहीं आई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र में पचोर गांव के पास हुआ। कार में विधायक पूजा पाल, उनका मीडिया प्रभारी शिव व्रत पाल, सुरक्षा कर्मी गगन और छोटू मौजूद था।
ओवर स्पीड के चलते हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि विधायक पूजा पाल की गाड़ी की स्पीड तेज थी। ऐसे में टक्कर के बाद गाड़ी पलटकर डिवाइडर के दूसरी साइड आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी को रोड से हटवाया। हादसे के बाद विधायक पूजा पाल मेडिकल कॉलेज घायलों का हाल चाल जानने पहुंची। कहा जा रहा है कि वो कुछ देर के बाद मैनपुरी में प्रचार के लिए रवाना हो सकती हैं।
हादसे की जानकारी होते ही यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मामले की सूचना मिलते ही एसपी कुंवर अनुपम सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। एसपी ने घटना के बारे में घायलों से जानकारी ली।
पूजा बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सपा ने यूपी 2022 विधानसभा चुनाव में कौशांबी जिले की चायल सीट पर पूर्व विधायक और दिवंगत राजू पाल की पत्नी पूजा पाल को उम्मीदवार घोषित किया था। पूजा पाल का नाम उनके पति बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के बाद चर्चा में आया था। इसके बाद उन्होंने पति की राजनीतिक विरासत को संभाला।
पूजा पाल के पिता पंचर की दुकान चलाया करते थे। खुद पूजा कभी किसी अस्पताल में तो कभी किसी दफ्तर में झाड़ू-पोंछा करने का काम करती थीं। अस्पताल में ही उनकी मुलाकात राजू पाल से हुई थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और फिर विधायक बनने के बाद राजू पाल ने पूजा से शादी कर ली। लेकिन शादी के 9 दिन बाद ही पूजा पाल का सुहाग उजड़ गया। उनके पति राजू पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
सपा विधायक की गाड़ी को टैंकर ने मारी टक्कर
