कुल्लू : हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले के तीची में कल देर रात एक मकान जलकर राख हो गया जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिली राजगिरी पंचायत के तीची गांव में एक मकान में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन मकान लकड़ी का होने के कारण आग काफी तेजी से भड़क गई।
आग पर काबू पाने में लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मकान में निचली मंजिल में गौशाला और ऊपर की मंजिल में तीन कमरे थे, जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने गौशाला से मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला जबकि कमरे के भीतर के सामान को निकालने में लोग कामयाब नहीं हो पाए।
आगजनी की इस घटना में बुद्धि सिंह, ज्ञानचंद और कमला देवी के परिवार के सदस्य बेघर हो गए हैं। तीन परिवार के आठ सदस्य हैं, जिनके सिर से छत उड़ गई है। इस घटना में तीन परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस दौरान प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को फौरी राहत के साथ साथ मुआवजा दिया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को मुश्किल का सामना न करना पड़े।
