गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सिपाही ने पत्नी की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाया

इटावा : उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के फ्रेंड्स कालोनी इलाके में डायल 112 में तैनात एक सिपाही ने अपनी पत्नी की गोली मार कर हत्या करने के बाद खुद को गोली मार कर उड़ा लिया। सिपाही को नाजुक हालत में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने मंगलवार शाम बताया कि औरैया जिले में डायल 112 में तैनात सिपाही बृजेश कुमार ने अपनी पत्नी की गोली मार कर हत्या करने के बाद खुद भी गोली मार ली है। घायल सिपाही को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी बेहतर उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी हुई है।
घायल अवस्था में सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल के लिए रिफर कर दिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के ओमपुरम कॉलोनी में रहने वाले 52 वर्षीय सिपाही बृजेश कुमार यादव उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, उनकी वर्तमान में पोस्टिंग औरैया में डायल 112 में है। सिपाही मंगलवार को अपने घर पर आया हुआ था। यहां अज्ञात कारणों के चलते अपनी पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी और खुद को गोली मार ली।
घटना में सिपाही की पत्नी की मौके पर मौत हो गई और सिपाही गंभीर रुप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर स्वजन उसके कमरे में पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिये जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के लिए रैफर कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुचे पुलिस और फोरेंसिक टीम में घटना की जांच शुरू कर दी है। मौके से एक देशी तमंचा बरामद हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *